Nitish Kumar News Live: नीतीश कुमार के आवास पर जेडीयू के कई नेता, बिहार के नए CM के सवाल पर आई नई खबर

Latest News

 नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं. राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद वे सीएम पद छोड़ देंगे. बिहार में 15 अप्रैल को नई सरकार का गठन हो सकता है.

नीतीश के आवास पहुंचे पार्टी के नेता

दिल्ली में नीतीश कुमार के आवास पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और मंत्री विजय चौधरी पहुंचे हैं. विजय चौधरी ने कहा कि आज नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद की शपथ लेंगे. इसके बाद पटना जाएंगे. नई सरकार को लेकर अगले तीन-चार दिन में सब साफ हो जाएगा. सीएम के सवाल पर कहा कि एनडीए के विधायक मिलकर फैसला करेंगे कि कौन सीएम होगा. बता दें कि विजय चौधरी का सीएम को लेकर ये नया बयान है. क्योंकि अभी तक ये कहा जा रहा था कि एनडीए के शीर्ष नेता सीएम तय करेंगे.

15 अप्रैल को हो सकता है शपथ ग्रहण

बताया जा रहा है कि 14 अप्रैल को ही एनडीए (NDA) विधानमंडल दल की मीटिंग होगी. विधानमंडल दल की बैठक में नेता का चयन होगा. ऐसे में 15 अप्रैल को बिहार में नए सीएम का शपथ ग्रहण हो सकता है. बीजेपी सूत्रों के मुताबिक सम्राट चौधरी का मुख्यमंत्री बनना तय माना जा रहा है. शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हो सकते हैं.

मुख्यमंत्री पद पर टिकी सबकी नजरें

बता दें कि नीतीश कुमार के बाद अब बिहार का नया सीएम कौन होगा इस पर सबकी नजरें टिकी हैं. अभी बीते बुधवार (08 अप्रैल, 2026) को ही जेडीयू के नेता नीरज कुमार ने निशांत कुमार (नीतीश के बेटे) का पोस्टर अपने आवास पर लगाया था. कहा था कि कार्यकर्ताओं की मांग है कि निशांत कुमार सीएम बनें. निशांत के अंदर काबिलियत है. दूसरी ओर यह भी तय माना जा रहा है कि बीजेपी अपना मुख्यमंत्री बनाना चाहती है चाहे कुछ भी हो जाए. बीजेपी चौंकाने वाले नाम को भी आगे कर सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *