आगरा के खंदौली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुबेरपुर दौरे के बाद सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणी का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मुख्यमंत्री ने ग्रेटर आगरा से जुड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया था, जिसके बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल था। इसी दौरान, कुबेरपुर क्षेत्र के नगला हरिकेशी निवासी अवधेश यादव (पुत्र राम प्रकाश यादव) ने इंटरनेट मीडिया पर मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट कर दी।
यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई, जिससे लोगों में नाराजगी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एत्मादपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया।
थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने आपत्तिजनक पोस्ट के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आरोपी अवधेश यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

