ताजनगरी में लू का कहर: सीजन का सबसे गर्म दिन, 24 घंटे बाद बदलेगा मौसम

AGRA NEWS Latest News

शहर देश के गर्म शहरों में आठवें स्थान पर रहा, हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से सोमवार से गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

  1. आगरा में 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान, सीजन का सबसे गर्म दिन
  2. देश के गर्म शहरों में आगरा आठवें स्थान पर रहा
  3. पश्चिमी विक्षोभ से सोमवार से गर्मी से राहत की उम्मीद

गर्म पछुआ हवाओं और महाराष्ट्र में बने प्रतिचक्रवात के प्रभाव से शनिवार को शहर में सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। दिनभर लू के थपेड़े नश्तर की तरह चुभते रहे। घर या बाहर कहीं आराम नहीं मिला। तेज धूप व लू में घर से बाहर निकलने पर त्वचा झुलस गई। यही हाल रविवार की सुबह का रहा।

लोगों को भीषण गर्मी में जलन का अहसास हुआ और गला सूखता रहा। बार-बार पानी पीने पर भी प्यास नहीं बुझी। देश के गर्म शहरों में आगरा आठवें, प्रदेश के गर्म शहरों में चौथे और पश्चिमी उप्र में पहले स्थान पर रहा। सीजन का सबसे गर्म दिन रहा।

मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर वर्षा होने पर सोमवार से गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।

सुबह से दोपहर तक तेज धूप से हालात रहे खराब, उमड़े बादल

तापमान में वृद्धि के चलते दिन के साथ ही रात भी तपने लगी है। रात का तापमान बढ़ने से शनिवार को सुबह से ही गर्मी अधिक रही। दिन चढ़ने के साथ सूरज का पारा भी चढ़ता चला गया। सुबह 10 बजे ही धूप तेज होने से घर से बाहर निकलना मुश्किल हो उठा। सुबह 11 बजे से ही लू चलने लगी। इसके चलते जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले, जिससे सड़कों पर कम लोग नजर आए।

आगरा में अधिकतम तापमान 44.5 रिकॉर्ड किया गया

  • शहर में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सीजन में सर्वाधिक था।
  • सामान्य से यह 5.2 डिग्री सेल्सियस अधिक था।
  • न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक था।
  • शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा था।

देश के गर्म शहर, क्रम, शहर, अधिकतम तापमान

  1. 1, बांदा, 47.5
  2. 2, बाड़मेर, 45.7
  3. 3, अमरावती, 45.6
  4. 4, प्रयागराज, 45.5
  5. 5, वाराणसी, 45.0
  6. 6, जैसलमेर, 44.9
  7. 7, रोहतक, 44.6
  8. 8, आगरा, बीकानेर, दिल्ली रिज, 44.5

मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रविवार को हल्के बादल रह सकते हैं। सोमवार से वर्षा हो सकती है। तापमान में गिरावट आने से दो-तीन दिन तक लू व गर्मी से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *