न्यू OTT रिलीज: टोस्‍टर, मटका क‍िंग, अस्‍सी, दो दीवाने सहर में! इस वीकेंड देख‍िए 15 फिल्‍में और सीरीज

Bollywood Latest News

सिनेमाघरों में जहां इस शुक्रवार अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ रिलीज हो रही है, वहीं OTT पर एक-दो नहीं, बल्‍क‍ि पूरे 15 नए शोज और फिल्‍में आ रही हैं। इनमें राजकुमार राव-सान्‍या मल्‍होत्रा की ‘टोस्‍टर’, विजय वर्मा की ‘मटका क‍िंग’, तापसी की ‘अस्‍सी’, पवन कल्‍याण की ‘उस्‍ताद भगत सिंह’ भी शामिल हैं। यहां देख‍िए पूरी लिस्‍ट-

OTT के दीवानों के लिए यह वीकेंड धमाकेदार रहने वाला है। जी हां, इस हफ्ते 15 अप्रैल से 17 अप्रैल के बीच, जहां बॉलीवुड से लेकर साउथ तक की 6 नई फिल्‍में और सीरीज हिंदी के दर्शकों को दीवाना बनाने आ रही हैं, वहीं अंग्रेजी के शो मिला दें तो नई रिलीज की यह संख्‍या 15 तक पहुंच जाती है। अप्रैल के इस हफ्ते में बिंज-वॉचिंग के लिए दर्शकों की झोली में कॉमेडी से लेकर क्राइम तक, सस्‍पेंस से लेकर ड्रामा तक, एक्‍शन से लेकर हॉरर तक, सबकुछ मिलने वाला है। सबसे बड़ी रिलीज में राजकुमार राव और सान्‍या मल्‍होत्रा की ‘टोस्‍टर’ है, जिसमें एक किचन अप्लायंस और एक कंजूस आदमी की दिलचस्‍प कहानी है। जबकि विजय वर्मा की मोस्‍ट अवेटेड सीरीज ‘मटका किंग’ भी जुए के धंधे का ऐसा खेल दिखाएगी, जिसने 60 के दशक के बॉम्बे और वहां के अंडरवर्ल्ड को हिलाकर रख दिया था। तापसी पन्‍नू दिल और दिमाग को झकझोर देने वाली कहानी ‘अस्‍सी’ लेकर आ रही हैं, जबकि पवन कल्‍याण की ‘उस्‍ताद भगत सिंह’ भी रिलीज होने वाली है।

हॉलीवुड के दीवानों के लिए जेंडया और सिडनी स्‍वीनी की टीम पांच साल के बाद ‘Euphoria’ के तीसरे सीजन में लौट रही है। जबकि ‘Beef’ के दूसरे सीजन में इस बार दांव बहुत बड़ा है। तो फिर आइए, देर किस बात की। सीधे नजर डालते हैं नई OTT रिलीज की दमदार लिस्‍ट पर-

Toaster (April 15)

कहां देखें- Netflix

राजकुमार राव और सान्‍या मल्‍होत्रा स्‍टारर ‘टोस्‍टर‘ एक मजेदार, डार्क एक्शन-कॉमेडी फिल्‍म है। राजकुमार इसमें रमाकांत का किरदार निभा रहे हैं, जिसकी कंजूसी उसके लिए जानलेवा बन जाती है। कहानी में रमाकांत एक नए शादीशुदा जोड़े को एक महंगा टोस्टर तोहफे में देता है। लेकिन वह शादी टूट जाती है। अब रमाकांत ऐसा आदमी है, जो अपना महंगा टोस्टर वापस लेने पहुंच जाता है। लेकिन पता चलता है कि वह किसी तीसरे को उपहार में दे दिया गया है। रमाकांत पर सनक सवार है। वह अपने टोस्‍टर को वापस पाने के लिए अजीब जुनूनी है। लेकिन यह सब एक छोटी-मोटी मोहल्ले की तकरार से बढ़कर, हादसों की एक ऐसी अफरा-तफरी में बदल जाती है, जिसमें अनजाने में हुई हत्या और अंडरवर्ल्ड का हंगामा भी है।

Ustaad Bhagat Singh (April 16)

कहां देखें- Netflix


तेलुगू सिनेमा के पावर स्‍टार और आंध्र प्रदेश के डिप्‍टी सीएम पवन कल्‍याण की फिल्‍म ‘उस्ताद भगत सिंह’ भी ओटीटी पर रिलीज हो रही है। पवन कल्याण इसमें एक विद्रोही स्‍वभाव वाले जागरूक वन अधिकारी (और पूर्व पुलिसकर्मी) की भूमिका में हैं। फिल्‍म में उनके मार्गदर्शक रहे श‍िक्षक अब मुख्यमंत्री बन चुके हैं। लेकिन उनकी हत्या हो जाती है। अब मुख्‍यमंत्री की हत्‍या के बाद एक क्रूर राजनेता नल्ला नागप्पा भ्रष्टाचार और हिंसा के जरिए सत्ता पर कब्‍जा करने की कोशिश करता है। लेकिन उनकी राह में रोड़ा बनता है भगत सिंह। यह फिल्‍म न्याय और अपने गुरु की विरासत को कायम रखने की कहानी है। इसे आप हिंदी में भी स्‍ट्रीम कर सकते हैं।

Youth (April 16)

कहां देखें- Netflix


‘यूथ’ एक तमिल रोमांटिक-ड्रामा फिल्‍म है। कहानी प्रवीण नाम के एक 15 साल के स्‍टूडेंट की है, जिसे अपनी पढ़ाई-लिखाई से ज्यादा ‘सच्चे प्यार’ की तलाश है। टीनएज में कई दिल टूटने वाले अनुभवों और अचानक आई एक पारिवारिक त्रासदी का सामना करने के बाद, उसके अंदर एक गहरा भावनात्मक बदलाव आता है। अपने हड़बड़ाहट वाले स्वभाव को पीछे छोड़कर, वह आखिरकार अपने माता-पिता के बलिदानों की गहराई को समझता है। ज‍िम्मेदारियों और भविष्य पर फोकस करने का फैसला करता है।

Assi (April 17)

कहां देखें- ZEE5


डायरेक्‍टर अनुभव सिन्हा की यह फिल्‍म कमाई के मामले में भले ही फिसड्डी साबित हुई। लेकिन इसे जिसने भी देखा, मुरीद हो गया। तापसी पन्नू इस फिल्‍म में एक बार फिर, एक बेबाक कोर्टरूम ड्रामा के साथ लौटी हैं। ‘अस्सी’ की कहानी एक स्कूल टीचर (कानी कुसृति) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक भयानक हादसे के बाद न्याय पाने के लिए कानूनी लड़ाई शुरू करती है। तापसी इस फ‍िल्म में वकील ‘रावी’ का किरदार निभा रही हैं, जो एक ऐसी जुझारू वकील है, जिसे सामाजिक पूर्वाग्रहों और कानूनी दांव-पेचों से भरे माहौल में रास्ता बनाते हुए रावी को इंसाफ दिलाना है। रावी के सामने जो केस है, वह उसके मुवक्किल यानी सिर्फ एक ‘पीड़ित’ से कहीं बढ़कर है।

Matka King (April 17)

कहां देखें- Prime Video

विजय वर्मा की यह नई सीरीज 1960 के दशक के बॉम्‍बे की है। जहां तेजी से सबकुछ बदल रहा है। ‘सैराट’ फेम डायरेक्टर नागराज मंजुले ने इसमें शहर के सबसे कुख्यात जुआ साम्राज्य के उदय की कहानी दिखाई है। विजय वर्मा ने बृज भट्टी का किरदार निभाया है, जो एक होशियार कपास व्यापारी है और गण‍ित में माहिर है। वह मानता है कि पैसे कमाने का हक सिर्फ अमीरों का नहीं है। वह एक ऐसा धंधा शुरू करता है, जो देखते ही देखते करोड़ों और अरबों का अवैध कारोबार बन जाता है। एक ऐसा खेल, जिससे अमीर और गरीब के बीच की खाई पट जाती है। जैसे-जैसे बृज का ‘मटका’ शहर के अंडरवर्ल्ड की धड़कन बनता जाता है, उसे भ्रष्ट अधिकारियों, शहर के डॉन (गुलशन ग्रोवर) और अपनी खुद की बिखरती पारिवारिक जिंदगी, सबसे निपटना पड़ता है। वेब सीरीज में कृतिका कामरा और साई ताम्हणकर भी हैं।

Do Deewane Seher Mein (April 17)

कहां देखें- Netflix


सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर स्‍टारर ‘दो दीवाने सहर में‘ एक अलग हटके प्रेम कहानी है। इसमें मुंबई में रहने वाला शशांक (एक मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव) है, जिसे बोलने में दिक्कत है। कहानी के दूसरा सिरे में एक फैशन क्रिएटर है, नाम रोशनी है। वह अपनी शारीरिक बनावट को लेकर हीन भावना से जूझ रही है। दोनों मिलते हैं। अपनी-अपनी कम‍ियों को छ‍िपाने की कोश‍िश करते हैं। लेकिन यही कथ‍ित कमी उनके बीच एक गहरे रिश्‍ते को जन्‍म देती है। इस जोड़ी के सफर को दिखाते हुए फिल्‍म उन सामाजिक चिंताओं, गहरी असुरक्षा की भावनाओं पर चोट करती है।

Crooks season 2 (April 14)

कहां देखें- Netflix


‘क्रूक्‍स सीजन 2’ में वह खूनी सिक्का वापस आ गया है। चार्ली और जोसेफ इस जर्मन क्राइम थ्रिलर में लौट आए हैं। कहानी पहले सीजन की घटनाओं के दो साल बाद से शुरू होती है, जिसमें वह मनहूस और बेशकीमती सिक्का एक बार फिर से गायब हो गया है। फ्रेडरिक लाऊ और क्रिस्टोफ क्रुट्जलर क्रिमिनल जोड़ी के तौर पर अपनी भूमिकाओं में वापस आए हैं। इस बार वे अपने परिवारों को भी इस उथल-पुथल में घसीट लेते हैं। दोनों बैंकॉक और वियना में भागते-फिरते हुए बस इतनी कोशिश करते हैं कि कैसे भी वे रिटायर होने तक जिंदा बच सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *