अमरनाथ यात्रा 2026: इस साल करना चाहते हैं बाबा बर्फानी के दर्शन…तो करा लें हेल्थ चेकअप, रजिस्ट्रेशन भी जल्द

Latest News

आगरा में बाबा अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। यात्रा जुलाई में प्रस्तावित है, जिसके लिए जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण शुरू हो गए हैं। अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने अभी आधिकारिक तिथियां घोषित नहीं की हैं, लेकिन 15 अप्रैल से अग्रिम पंजीकरण शुरू होने की संभावना है। मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र यात्रा के लिए अनिवार्य है।

बाबा अमरनाथ बर्फानी की पवित्र यात्रा को लेकर शहर के श्रद्धालुओं ने अपार उत्साह है और उन्होंने इस वर्ष होने वाली यात्रा की तैयारियां अभी से आरंभ कर दी है।

यात्रा जुलाई में प्रस्तावित है और अभी तक अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने यात्रा प्रारंभ होने की आधिकारिक तिथियों की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन 15 अप्रैल से अग्रिम पंजीकरण शुरू होने की संभावना है।

इससे पूर्व शुक्रवार से जिला अस्पताल में श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया आरंभ हो गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अरुण श्रीवास्तव ने गुरुवार को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए चिकित्सकों का पैनल जारी किया।

रविवार और अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक जांच की जाएगी। साईं का तकिया स्थित जिला अस्पताल में विभिन्न कक्षों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है, जहां तीर्थयात्रियों का निश्शुल्क अनिवार्य मेडिकल परीक्षण किया जाएगा।

निर्धारित व्यवस्था के तहत कक्ष संख्या 12-13 में फिजिशियन वरिष्ठ परामर्शदाता डा. एसके वर्मा, परामर्शी डा. आशीष मित्तल परीक्षण करेंगे।

कक्ष 204 व 205 में नेत्र सर्जन डा. प्रवेंद्र वर्मा, डा. जयदेश और डा. वीरेंद्र सिंह, कक्ष संख्या चार में हड्डी रोड विशेषज्ञ डा. बीके गुप्ता, डा. विशाल आनंद और कक्ष कक्षा 100ए और 104 में नाक, कान, गला विशेषज्ञ डा. अतुल जैन, डा. बांके लाल विनीत राय और डा. विनोद कुमार श्रद्धालुओं की जांच करेंगे।

मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र के आधार पर ही यात्रा के लिए पंजीकरण संभव होगा। हालांकि अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने अभी तक पंजीकरण तिथि घोषित नहीं की है, लेकिन स्वास्थ्य परीक्षण शुरू होने की घोषणा के साथ ही साथ ही 15 अप्रैल से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।

इस बार भी आफलाइन पंजीकरण के लिए हींग की मंडी स्थित जम्मू कश्मीर बैंक को केंद्र बनाया जा सकता है, जबकि आनलाइन पंजीकरण श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया जाएगा।

यात्रा को लेकर शहर के श्रद्धालुओं में भी उत्साह साफ नजर आ रहा है। हर वर्ष आगरा से करीब 10 से 12 हजार श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जाते हैं।

स्वास्थ्य परीक्षण शुरू होने की सूचना मिलते ही गुरुवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु जिला अस्पताल पहुंचकर जानकारी जुटाते दिखाई दिए। हालांकि गुरुवार को स्वास्थ्य परीक्षण नहीं किए गए।

शुक्रवार को भारी भीड़ पहुंचने की उम्मीद की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला अस्पताल प्रशासन ने व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *