तीन हफ्ते में पुल नहीं बना तो एक मई से धरने पर बैठेंगे किसान

AGRA NEWS Latest News

बिचपुरी(आगरा)। कीठम–भांडई बाईपास की तीसरी रेल लाइन परियोजना के विरोध में मिढ़ाकुर क्षेत्र के किसानों का आक्रोश बढ़ गया है। सोमवार को सहारा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह ने एडीएम (वित्त एवं राजस्व) शुभांगी शुक्ला को पत्र सौंपकर तीन सप्ताह में पुल निर्माण शुरू कराने की मांग की है। कहा कि तय समय में कार्रवाई न होने पर एक मई से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। पत्र में कहा है कि परियोजना के तहत चकमार्ग 980 और गूल 979 को बंद करने की तैयारी है। इससे क्षेत्र में आवागमन बाधित होगा और आगरा रजवाह नहर से जुड़ी सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।

किसानों का कहना है कि प्रस्तावित वैकल्पिक सड़क व्यावहारिक नहीं है, पुल निर्माण ही स्थायी समाधान है। वहीं, किसान-मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह ने बताया कि परियोजना की जद में चार चकमार्ग और तीन गूल आ रहे हैं। इनके बंद होने से मिढ़ाकुर, सहारा और गढ़ी गुलजारी के ग्रामीणों को लंबा रास्ता तय करना पड़ेगा। इस संबंध में कई बार प्रशासन को ज्ञापन दिए जा चुके हैं लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। इससे किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस दौरान भीष्मपाल सिंह और सतेंद्र सिंह रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *