किरावली (आगरा)। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की लापरवाही के कारण किरावली नगर में रुनकता मोड़ से राना कोल्ड स्टोरेज तक सड़क पर गंभीर जलभराव हो गया है। NHAI के नाले चोक होने से सड़क का एक बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया है, जिससे राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क पर जमा गंदे पानी से दुपहिया वाहन चालकों को विशेष दिक्कत हो रही है। जलभराव के कारण सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे पिछले कुछ घंटों में कई बाइक सवार संतुलन खोकर गिर गए और चोटिल हो गए। इस स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष है।
क्षेत्रीय निवासियों के अनुसार, मानसून की बारिश अभी ठीक से शुरू भी नहीं हुई है, फिर भी नालों की यह स्थिति है। उनका कहना है कि यदि NHAI ने समय रहते नालों की सफाई नहीं कराई, तो आने वाली बरसात में किरावली-रुनकता रोड पूरी तरह जलमग्न हो सकता है, जिससे आवागमन ठप होने की आशंका है।
स्थानीय जनता ने शासन और प्रशासन से इस मामले पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि NHAI को किरावली नगर सीमा में आने वाले अपने सभी नालों की तत्काल सफाई सुनिश्चित करनी चाहिए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल निकासी की सुचारू व्यवस्था नहीं की गई, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

