ट्रंप बोले अमेरिका और ईरान के बीच जंग खत्म करने पर हुई बातचीत, बिजली संयंत्रों पर हमलों को टालने का फ़ैसला

DUNIYA Latest News

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि मध्य पूर्व में चल रहे टकराव को पूरी तरह ख़त्म करने को लेकर बातचीत हुई है. उन्होंने कहा कि ‘पूरी तरह समाधान’ के मुद्दे पर ‘सकारात्मक बातचीत’ हुई है.

ट्रंप ने यह भी कहा कि वह ईरान के बिजली संयंत्रों और ऊर्जा ढांचे पर किसी भी तरह के हमलों को पांच दिन के लिए टालेंगे.

उन्होंने ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अमेरिका और ईरान के बीच पिछले दो दिनों में मध्य पूर्व में टकराव के पूरी तरह समाधान को लेकर बहुत अच्छी और सकारात्मक बातचीत हुई है.”

“इस रचनात्मक बातचीत के रुख़ और माहौल को देखते हुए, जो पूरे सप्ताह जारी रहेंगी, मैंने वॉर डिपार्टमेंट को निर्देश दिया है कि ईरान के बिजली संयंत्रों और ऊर्जा ढांचे पर सभी सैन्य हमलों को पांच दिन के लिए टाल दिया जाए. यह फ़ैसला बैठकों और चर्चाओं की सफलता पर निर्भर करेगा.”

बीबीसी फ़ारसी की वरिष्ठ संवाददाता घोंचेह हबीबीज़ाद के मुताबिक़, ईरान की फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी ने एक अज्ञात ईरानी स्रोत के हवाले से कहा है कि “ट्रंप के साथ कोई सीधा या अप्रत्यक्ष संपर्क नहीं है.”

ये एजेंसी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर यानी आईआरजीसी से जुड़ी है.

हबीबीज़ाद के अनुसार, स्रोत का कहना है कि “जब ट्रंप ने सुना कि हमारे निशाने पर पश्चिम एशिया के सभी पावर स्टेशन होंगे, तो वह पीछे हट गए.”

बयान के बाद गिरे तेल और गैस के दाम

पेट्रोल
इमेज स्रोत,AFP via Getty Images जंग शुरू होने के बाद तेल के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गए थे

डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद शेयर बाज़ारों में तेज़ी आना शुरू हो गई है.

बयान के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमत में 13% की गिरावट आई है और यह लगभग 96 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है.

लंदन के एफ़टीएसई सूचकांक में अब 0.5% की वृद्धि हुई है, जबकि इससे पहले इसमें 2% से अधिक की गिरावट आई थी.

गैस की क़ीमतें 159 पेंस प्रति थर्म से गिरकर लगभग 139 पेंस प्रति थर्म हो गई हैं.

कई अहम सवालों के जवाब नहीं मिले

डोनाल्ड ट्रंप
इमेज स्रोत,EPA पत्रकारों से शुक्रवार को बात करते हुए ट्रंप

बर्नड डेबसमैन जूनियर, व्हाइट हाउस रिपोर्टर

डोनाल्ड ट्रंप का कुछ देर पहले दिया गया संदेश शायद ऑपरेशन एपिक फ्यूरी की शुरुआत के बाद से उनका सबसे सुलहपूर्ण संदेश था. लेकिन इससे कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब नहीं मिलते.

उन्होंने ईरान के साथ ‘बहुत अच्छी और उपयोगी’ बातचीत का ज़िक्र किया. लेकिन ईरान की ओर से इसकी पुष्टि नहीं आई है. यह बयान बीते दो दिनों में दोनों पक्षों के अपनाए गए आक्रामक लहज़े के बिल्कुल विपरीत है.

इसके अलावा, यह स्पष्ट नहीं है कि इन वार्ताओं का मुख्य विषय क्या था.

शायद यह ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम या परमाणु संवर्धन या मात्र युद्धविराम का मुद्दा रहा होगा.

ये एक ऐसी संभावना है जिसे ट्रंप ने शुक्रवार को विशेष रूप से नकार दिया था.

इसके पीछे यह होर्मुज़ स्ट्रेट भी वजह हो सकती है, हालांकि ईरान ने अभी तक सार्वजनिक रूप से इसे समुद्री यातायात के लिए खोलने का वादा नहीं किया है.

ज़्यादातर जानकार इसे नामुमकिन मानते हैं, क्योंकि होर्मुज़ पर ईरान का मजबूत नियंत्रण युद्ध में उसकी सबसे बड़ी ताक़त है.

अब दुनिया की नज़र इन वार्ताओं के बारे में किसी भी अपडेट या विवरण पर है. सब यही जानने की कोशिश करेंगे कि भविष्य में इसका क्या मतलब हो सकता है.

ट्रंप के बयान पर क्या बोले ईरान के लोग?

ईरान में सरकार की ओर से लगाए गए इंटरनेट बैन के बीच भी कुछ लोग किसी तरह इंटरनेट का इस्तेमाल कर पा रहे हैं. जिन लोगों से मेरी बात हो रही है, वे सभी मौजूदा व्यवस्था के ख़िलाफ़ हैं.

मेरे ट्रूथ सोशल देखने से पहले ही राजधानी तेहरान में रहने वाले करीब 20 साल के एक युवक ने मुझे अमेरिकी राष्ट्रपति के फैसले की खबर भेजी.

युवक ने बताया , “इस जंग का अंत ईरान के लोगों के लिए बहुत महंगा साबित होगा, चाहे इस्लामिक रिपब्लिक क़ायम रहे या यह समझ लें कि उसके आखिरी दिन चल रहे हैं.”

उत्तरी ईरान के एक शहर में रहने वाली करीब 20 साल की एक महिला कहती है, “ट्रंप हमें पागल बना रहे हैं.”

तेहरान के ही करीब 20 साल के एक अन्य युवक ने कहा, “मैंने अभी अपने दोस्त को फोन किया और हम हंसने लगे. हम कैसी ज़िंदगी जी रहे हैं?”

वहीं, तेहरान की एक और युवती कहती है, “ट्रंप बहुत अनिश्चित हैं. मुझे नहीं पता आगे क्या होने वाला है.”

ट्रंप ने दी थी 48 घंटे की डेडलाइन

होर्मुज़ स्ट्रेट

एक दिन पहले ही ट्रंप ने होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने के लिए ईरान को डेडलाइन देते हुए कहा था कि होर्मुज़ को पूरी तरह से खोलने के लिए ‘ईरान के पास 48 घंटे हैं.’

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया, “अगर ईरान ने बिना किसी धमकी के अगले 48 घंटों में होर्मुज़ स्ट्रेट को नहीं खोला तो अमेरिका उसके कई पावर प्लांट्स पर हमला करके उन्हें तबाह कर देगा और इसकी शुरुआत होगी उनके सबसे बड़े प्लांट से.”

शनिवार को डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी ऐसे समय आई, जब ईरान की दो मिसाइलों ने दक्षिणी इसराइल को निशाना बनाया, जिसमें इसराइल का अघोषित परामाणु ठिकाना भी शामिल है. इस हमले में 100 से ज़्यादा लोग घायल हुए, जो जंग शुरू होने के बाद का सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है.

लेकिन ईरान ने इसका जवाब देते हुए कहा था कि वो क्षेत्र में अमेरिका और उससे जुड़े देशों के ऊर्जा केंद्रों, डीसैलिएशन ढांचे (पानी शुद्ध करने वाले प्लांटों) पर हमले करेगा.

रविवार को ट्रंप ने एक पोस्ट में दावा किया था कि “अमेरिका ने ईरान को नक्शे से मिटा दिया है.”

असल में न्यूयॉर्क टाइम्स ने ट्रंप के युद्ध रिकॉर्ड का विश्लेषण वाली एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी, जिसका शीर्षक था- ट्रंप इस हाइडिंग द ट्रुथ अबाउट वॉर इन ईरान.

ट्रंप ने इस आरोप को ख़ारिज किया कि वह ईरान में अपने लक्ष्यों को हासिल करने में ‘असफल रहे हैं.’ उन्होंने कहा, “हाँ, मैंने हासिल किया है और तय समय से कई हफ़्ते पहले.”

होर्मुज़ स्ट्रेट पर ईरान का बयान

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची
इमेज स्रोत,AFP via Getty Images ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची (फ़ाइल फ़ोटो)

ट्रंप की ताज़ा टिप्पणी से कुछ घंटे पहले ईरान ने स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में समुद्री सुरक्षा को लेकर एक लंबा बयान जारी किया था.

ईरानी विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया, “ईरान ने संयुक्त राष्ट्र के चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के सिद्धांतों को लेकर प्रतिबद्ध एक जिम्मेदार देश के तौर पर समुद्री मार्ग की स्वतंत्रता और सुरक्षा के सिद्धांतों को लगातार बनाए रखा है.”

“कई सालों से ईरान ने इस क्षेत्र में मौजूद फ़ारस खाड़ी, होर्मुज़ स्ट्रेट और ओमान सागर में इन सिद्धांतों की रक्षा करने का प्रयास किया है. यह स्पष्ट है कि व्यवहार में इन सिद्धांतों का सम्मान समुद्र तट पर स्थित देशों की संप्रभुता और अधिकारों के सम्मान के बिना संभव नहीं है.”

ईरानी विदेश मंत्रालय ने आगे कहा है, “28 फरवरी 2026 से, संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 2(4) और बल प्रयोग को प्रतिबंधित करने वाले नियमों का स्पष्ट उल्लंघन करते हुए अमेरिका और इसराइल ने ईरान पर हमला किया. इसके परिणामस्वरूप फ़ारसी खाड़ी क्षेत्र और होर्मुज़ स्ट्रेट में एक ख़तरनाक स्थिति पैदा हो गई है. इसने नेविगेशन और शिपिंग की सुरक्षा को सीधे तौर पर प्रभावित किया है.”

“ईरान ने इन हमलों की वजह से आत्मरक्षा में इस इलाक़े में अमेरिका के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है. ईरान ने कई ऐसे उपाय अपनाए हैं, जिनसे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हमलावर और उनके समर्थक ईरान के ख़िलाफ़ अपनी दुश्मनी के मक़सद को आगे बढ़ाने के लिए होर्मुज़ स्ट्रेट का दुरुपयोग न कर सकें.”

ईरानी विदेश मंत्रालय का कहना है, “होर्मुज़ स्ट्रेट के तटीय देश के रूप में और अंतरराष्ट्रीय कानून के मुताबिक़ ईरान ने उन जहाज़ों के गुजरने पर रोक लगा दी है जो हमला करने वाले पक्षों के स्वामित्व वाले हैं या उनसे जुड़े हैं, या फिर जो उनकी आक्रामक गतिविधियों में भाग ले रहे हैं.”

“बार-बार ज़ोर देकर कहा गया है कि होर्मुज़ स्ट्रेट बंद नहीं है, इसके माध्यम से होने वाला समुद्री यातायात निलंबित नहीं किया गया है. इस रास्ते से जहाज़ों का आवागमन जारी है, बशर्ते कि इसके लिए ज़रूरी उपायों और युद्ध की वजह से पैदा पहलुओं का पालन किया जाए.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *