चैत्र नवरात्र पर CM योगी ने प्रदेशवासियों को लिखी ‘पाती’, बोले- हर क्षेत्र में बेटियों को अवसर मिलना जरूरी

UTTAR PRADESH

Image Source : PTI
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चैत्र नवरात्र के पावन अवसर से पहले प्रदेशवासियों के नाम ‘योगी की पाती’ नाम से एक पत्र लिखा है। अपने संदेश में उन्होंने सभी को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में भक्ति, शक्ति और नवचेतना का संचार करे। साथ ही उन्होंने सनातन नव संवत्सर (वि.सं. 2083) की भी प्रदेशवासियों को हृदय से बधाई दी।

उपद्रव से उत्सव प्रदेश तक का सफर

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने संकल्प से सिद्धि तक की गौरवमयी यात्रा तय की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व के कालखंड के तम से उबरकर प्रदेश ने “उपद्रव से उत्सव प्रदेश” तक का सफर तय किया है और आज प्रदेश विकास व सांस्कृतिक चेतना के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि “उत्सव प्रदेश” के नवनिर्माण में नारी शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और अतुलनीय रही है। उन्होंने बताया कि चैत्र नवरात्र केवल उपासना का पर्व नहीं, बल्कि नारी-शक्ति के वंदन का भी महापर्व है। उन्होंने कहा कि वही समाज और प्रदेश सशक्त बनता है, जहां बेटियां समर्थ, शिक्षित और आत्मनिर्भर होती हैं।

“समाज में नारी शक्ति का सम्मान बना रहे” 

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि समाज में नारी शक्ति का सम्मान बना रहे और बेटियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए खुला आसमान मिले। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति को सम्मान देना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना समाज के समग्र विकास के लिए आवश्यक है।

उन्होंने यह भी कहा कि नारी-शक्ति के नेतृत्व ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया है। विकसित प्रदेश के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हर क्षेत्र में बेटियों को अवसर मिलना जरूरी है। अंत में उन्होंने सभी से संकल्प लेने की अपील की कि बेटियों को बेटों के समान अवसर प्रदान किए जाएं, ताकि एक सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण हो सके।

ये भी पढ़ें-

LPG की परेशानी से मिलेगी राहत, शिवालिक और नंदादेवी जहाज ने होर्मुज स्ट्रेट कर लिया पार, 16 और 17 मार्च को पहुंचेंगे भारत

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर लिफ्ट में फंसे 18 यात्री, मचा हड़कंप, आरपीएफ और यात्रियों ने मिलकर तोड़ा दरवाजा