किसान सम्मान चौपाल में सात प्रगतिशील किसानों का सम्मान, किसानों की समस्याओं के समाधान और कृषि योजनाओं पर हुआ विस्तृत संवाद

Latest News Nainital News

घटगढ़ (नैनीताल)। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, जिला नैनीताल के तत्वावधान में शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को नैनीताल ग्रामीण मंडल के अंतर्गत कैंप ब्रुकहिल, घटगढ़ में किसान सम्मान चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करने के साथ-साथ किसानों की समस्याओं को सुनना, सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए सार्थक संवाद स्थापित करना रहा।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र सिंह नेगी जी, जिला अध्यक्ष श्री गणेश शाह जी जिला उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी श्री प्रताप बोहरा जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर क्षेत्र में कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे सात प्रगतिशील किसानों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। जिला किसान मोर्चा की ओर से सभी सम्मानित किसानों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके कृषि क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र सिंह नेगी जी ने किसानों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि एवं किसान कल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कृषि क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं, सरकारी सहायता, अनुदान एवं योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए किसानों को जागरूक किया। साथ ही चौपाल में किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

जिला अध्यक्ष जी ने अपने संबोधन में किसानों के हित में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं, कृषि सब्सिडी, अनुदान एवं स्वरोजगार से संबंधित कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि किसानों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें वास्तविक रूप से लाभान्वित करना भी आवश्यक है। इसके लिए संगठन किसानों और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करने की दिशा में निरंतर प्रयास करेगा।

वहीं जिला प्रभारी श्री प्रताप बोहरा जी ने किसानों को सम्मानित करने के साथ उनकी जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। उन्होंने कृषि के साथ छोटे-छोटे उद्यमों को जोड़ने, स्थानीय संसाधनों का सदुपयोग करने तथा स्वरोजगार के माध्यम से किसानों की आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी भी दी।

किसानों की जमीनी समस्याओं को मंच पर उठाया गया

कार्यक्रम के संयोजक एवं मंच संचालन कर रहे श्री योगेश सिंह बिष्ट, जिला सह-संयोजक (आईटी), किसान मोर्चा नैनीताल ने चौपाल को केवल औपचारिक सम्मान समारोह तक सीमित न रखते हुए किसानों की वास्तविक समस्याओं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को भी प्रमुखता से मंच के माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष रखा।

उन्होंने विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ की व्यवस्था, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन एवं उससे संबंधित किसानों की व्यावहारिक कठिनाइयों तथा वर्तमान में बनाई जा रही फार्मर आईडी (किसान पहचान पत्र) के पंजीकरण में किसानों को आ रही तकनीकी एवं अन्य समस्याओं की ओर प्रदेश अध्यक्ष का ध्यान आकर्षित कराया।

उन्होंने कहा कि किसानों को योजनाओं का लाभ तभी प्रभावी रूप से मिल सकता है, जब योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली जमीनी बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में खेती की सुरक्षा, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा फार्मर आईडी पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाना किसानों के हित में अत्यंत आवश्यक है।

इन विषयों पर प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र सिंह नेगी जी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि संबंधित विषयों को उचित स्तर पर उठाकर समाधान की दिशा में तत्काल प्रयास किए जाएंगे।

सात प्रगतिशील किसानों को किया गया सम्मानित

इस अवसर पर सम्मानित होने वाले किसानों में श्री गणेश सिंह बिष्ट (जलालगांव), श्री केशव पंत (थापला), श्री आनंद सिंह बिष्ट (घटगढ़), श्री भूपाल सिंह बिष्ट (घटगढ़), श्री कुंवर सिंह रावत (घटगढ़), श्री सुरेश अधिकारी (नलनी) एवं श्री कुंदन अधिकारी (नलनी) शामिल रहे।

इन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की रही उपस्थिति

कार्यक्रम के सह-संयोजक एवं नैनीताल ग्रामीण मंडल अध्यक्ष श्री ललित सिंह नेगी, श्री सुरेश चंद्र उप्रेती मंडल अध्यक्ष, श्री लाल सिंह बिष्ट जिला मंत्री, श्री कुंदन सिंह अधिकारी जिला कार्यकारिणी सदस्य, श्री दीपक कनवाल जिला अनुसंधान सह-संयोजक, श्री हेमंत कनवाल प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, श्री हेम बहुखंडी मंडल उपाध्यक्ष, श्री पान सिंह खनी जिला कार्यकारिणी सदस्य, ग्राम प्रधान श्री गोविंद सिंह अधिकारी, श्री सुरेश सिंह अधिकारी, बूथ अध्यक्ष श्री हीरा सिंह अधिकारी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्री मुकेश मेहरा एवं बूथ अध्यक्ष खुर्पाताल श्री विक्रम कनवाल सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सार्थक पक्ष यह रहा कि इसमें किसानों के सम्मान के साथ-साथ उनकी समस्याओं, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के विषयों पर खुलकर चर्चा हुई। किसान सम्मान चौपाल ने किसानों को अपनी बात सीधे संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर प्रदान किया। इस प्रकार का संवाद किसानों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए समन्वित प्रयासों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, सम्मानित किसानों, पदाधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *