आगरा में 1500 चालान के बाद भी बस चालकों की मनमानी जारी, हाईवे पर ट्रैफिक जाम

AGRA NEWS Latest News

आगरा में हाईवे और एमजी रोड पर बस चालकों की मनमानी जारी है। दो महीने में 1500 से अधिक बसों का चालान और 14 बसें सीज होने के बावजूद, चालक नो-पार्किंग में बसें खड़ी कर यातायात बाधित कर रहे हैं। अवैध स्टॉपेज के कारण अक्सर जाम लगता है।

हाईवे और एमजी रोड पर यातायात को बाधित करने व नो पार्किंग में बसों को खड़ा करने पर दो महीने में डेढ़ हजार से अधिक बसों का चालान किया गया। जबकि 14 बसों को सीज करने की कार्रवाई की गई।

इसके बावजूद हाईवे पर बस चालकों की मनमानी रुकने का नाम नहीं ले रही है। हाईवे पर जगह-जगह खड़े होकर सवारियां बैठाने के चलते वाहनों की गति पर ब्रेक लगा रहे हैं।

हाईवे पर आइएसबीटी कट, ट्रांसपोर्ट नगर फ्लाईओवर अंडरपास, भगवान टाकीज चौराहा, अबुल उलाह दरगाह कट, वाटर वर्क्स एवं रामबाग फ्लाईओवर, रामबाग चौराहा-टेढी बगिया मार्ग पर रोडवेज बसों ने अवेध स्टापेज बना रखे हैं।

चालक-परिचालक उक्त स्थानों पर बसों को सड़क पर खड़ा करके सवारियां उतारते-बैठाते हैं। जिससे यातायात बाधित होने से जाम के हालात रहते हैं। इस वर्ष जनवरी और फरवरी में यातायात पुलिस ने 1500 से अधिक बसों का चालान किया।

इनमें अधिकांश चालान यातायात बाधित करने को लेकर थे। इसके अलावा बड़ी संख्या में बसों की फिटनेस, बीमा एवं प्रदूषण प्रमाण पत्र की वैधता तिथि समाप्त होने पर चालान किए गए थे।

वहीं, कुछ चालान अस्पतालों के आसपास बसों द्वारा अकारण हाॅर्न बजाने पर किए गए थे। एमजी रोड पर भी सिटी बसों का चालान किया गया।

एसीपी यातायात राम प्रवेश गुप्ता ने बताया कि हाईवे पर यातायात को बाधित नहीं होने दिया जाएगा, ऐसा करने वाली बसों का चालान करने के निर्देश सभी यातायात निरीक्षकों व उप निरीक्षकों को दिए गए हैं।

वहीं डीजीपी राजीव कृष्णा ने भी पुलिस कमिश्नरेट में सभी प्रमुख सड़कों को ट्रैफिक जाम से मुक्त कराने को आवश्यक कदम उठाए जाने के लिए दो दिन पहले ही निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *