उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद से एक बेहद दुखद और दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। थाना सदर क्षेत्र के अंतर्गत सुबह-सुबह कोचिंग के लिए घर से निकली एक छात्रा को तेज रफ्तार डंपर ने बेरहमी से रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक डंपर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
पीछे से डंपर ने मारी जोरदार टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, सदर क्षेत्र के सेवला की रहने वाली नौवीं कक्षा की छात्रा रिया बुधवार सुबह लगभग आठ बजे अपनी स्कूटी से कोचिंग के लिए निकली थी। जैसे ही वह मधु नगर के आरएमओ चौराहे के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे गिट्टी से लदे एक तेज रफ्तार डंपर ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही छात्रा स्कूटी समेत सड़क पर गिर गई और डंपर के अगले पहिए के नीचे आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयानक था कि छात्रा काफी देर तक डंपर के पहिए के नीचे फंसी रही। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत इस बात की सूचना पुलिस को दी।
चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। राहगीरों और पुलिस टीम ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद छात्रा को बाहर निकाला और तुरंत एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश के लिए आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इस घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


