काबुल में अस्पताल पर पाकिस्तानी हमले में कई लोगों की मौत, भारत ने क्या कहा?

Latest News

अफ़ग़ानिस्तान ने आरोप लगाया है कि सोमवार को पाकिस्तान ने काबुल पर हवाई हमले किए हैं जिसमें सैकड़ों लोगों की जान चली गई है.

बीबीसी पश्तो की रिपोर्ट के अनुसार, अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में एक नशा मुक्ति अस्पताल पर हुए हवाई हमले में कई लोगों के मारे जाने और घायल होने की आशंका है. तालिबान सरकार ने इस हमले के लिए पाकिस्तान को ज़िम्मेदार ठहराया है.

अफ़ग़ान तालिबान सरकार के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि सोमवार शाम अस्पताल पर हमला हुआ, जिसमें कुछ लोगों की मौत हुई और कई घायल हो गए.

पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने अस्पताल को निशाना बनाने से इनकार किया है. मंत्रालय का कहना है कि हमले में काबुल और पूर्वी अफ़ग़ान प्रांत नंगरहार में सैन्य ठिकानों और ‘आतंकवादी ठिकानों’ को निशाना बनाया गया.

इस बीच, भारत ने अफ़ग़ानिस्तान के काबुल में पाकिस्तान की ओर से ‘अस्पताल में हुए हमले’ की निंदा करते हुए उसे ‘कायरतापूर्ण’ और ‘जनसंहार’ बताया है. भारतीय विदेश मंत्रालय ने इसको लेकर एक बयान जारी किया है.

अफ़ग़ानिस्तान तालिबान सरकार के उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फ़ितरत ने एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा, “पाकिस्तानी सेना ने आज शाम (सोमवार) लगभग 9 बजे ओमिद नशा मुक्ति अस्पताल पर हवाई हमला किया. यह 2000 बेड का अस्पताल है जहां नशे की लत से जूझ रहे मरीजों का इलाज किया जाता है.”

उन्होंने आगे लिखा, “हमले में अस्पताल का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया है और बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की आशंका है. अब तक करीब 400 लोगों की मौत और लगभग 250 लोगों के घायल होने की सूचना है. राहत दल मौके पर मौजूद हैं. वे आग पर काबू पाने और मलबे से शव निकालने का काम कर रहे हैं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *