चंद्रशेखर आजाद की गाड़ी पर हमला, मंच पर रिवॉल्वर लेकर चढ़ गया शख्स; सुरक्षा में बड़ी चूक

UTTAR PRADESH

Image Source : REPORTER INPUT
चंद्रशेखर आजाद के मंच पर रिवॉल्वर लेकर चढ़ा युवक।

बाराबंकी: जिले में भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। यहां एक कार्यक्रम के दौरान भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के मंच पर एक युवक रिवाल्वर लेकर पहुंच गया। हालांकि पार्टी कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों ने युवक को पकड़कर मंच से नीचे उतार दिया। इस घटना के बाद कार्यकर्ताओं और युवक के बीच मंच के पास काफी देर तक हो-हल्ला होता रहा। हालांकि युवक ने अपना नाम अमित कुमार बताया और उसका कहना है कि वह पुलिस लाइन में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है। इसके बावजूद सादे कपड़ों में रिवाल्वर लगाकर मंच तक पहुंचने को लेकर लोगों ने सवाल उठाए हैं।

बडेल मैदान में थे कार्यक्रम

इस घटना के बाद बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक को हिरासत में लिया है। फिलहाल युवक से पूछताछ की जा रही है। पूरा मामला रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे का बताया जा रहा है। यहां बाराबंकी में बाबा साहब कांशीराम की जयंती और पार्टी के छठें स्थापना दिवस पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद बडेल मैदान पहुंचे थे। उनके कार्यक्रम स्थल पर पहले से ही पुलिस और प्रशासन को अलर्ट किया गया था। इसके बावजूद एक युवक रिवाल्वर लेकर उनके मंच तक पहुंच गया।

गाड़ी पर हमला करने का भी आरोप

बता दें कि मंच से जनता को संबोधित करते हुए सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि जब वे कार्यक्रम स्थल पर आ रहे थे, तब कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी पर पत्थर और ईंट के टुकड़े फेंके। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा, “हम चमड़ा उतारना भी जानते हैं और उसका जूता बनाना भी जानते हैं, और समय आने पर उसे सिर पर पटककर मारना भी जानते हैं।” उन्होंने प्रशासन को भी इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वे संघर्ष करने वाले लोग हैं और धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। (इनपुट- दीपक निर्भय)

यह भी पढ़ें-

Rajya Sabha Polls: 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर आज होगा मतदान, जानें कहां कितनी सीटें और किस पार्टी का दबदबा