गार्ड ने बैंक मैनेजर को गोली मारी।
गाजियाबाद में पंजाब एंड सिंध बैंक के मैनेजर अभिषेक शर्मा (36) की उनके ही बैंक के गार्ड ने गोली मारकर हत्या कर दी। सीने में गोली लगने के बाद बैंक मैनेजर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बलराम नगर डलाके की है। घटना दोपहर करीब 1:45 बजे हुई। बैंक गार्ड रवींद्र हुड्डा ने बैंक के अंदर मौजूद मैनेजर को गोली मारी। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि गोली सीधे मैनेजर के सीने में लगी। बैंक मैनेजर को गोली मारने के बाद आरोपी गार्ड मौके से फरार हो गया। बैंक मैनेजर को गोली मारने के बाद दोनों आरोपी बैंक से बाहर निकलते हुए सीसीटीवी में कैद हुए हैं। एक आरोपी के हाथ में बंदूक भी नजर आ रही है।
3 महीने पहले ही नौकरी पर लगा था गार्ड
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गार्ड रविन्द्र हुडा बागपत का रहने वाला है और करीब 3 महीने पहले ही बैंक में गार्ड की नौकरी पर लगा था। आरोपी अकसर छुट्टी करता रहता था। आज भी वह बैंक नहीं आया था। बैंक मैनेजर अभिषेक ने उसको फोन करके डांटा और तुरंत ड्यूटी पर आने के लिए कहा। रविन्द्र बैंक में आया और बैंक में जमा अपनी बंदूक ली। इसके बाद उसकी बैंक मैनेजर से कहासुनी हुई जिसके बाद आरोपी गार्ड ने बैंक मैनेजर को गोली मार दी।
घटना के बाद आरोपी का CCTV फुटेज आया सामने
गोली मारने के बाद आरोपी बंदूक लेकर बैंक से निकला और फरार हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद बैंक से बाहर जाते समय उसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है जिसमें आरोपी हाथ में बंदूक लिए जाता दिखाई दे रहा है। मौके पर पहुंचे डीसीपी ग्रामणी जोन सुरेन्द्र नाथ तिवारी का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी कहासुनी के बाद हुए विवाद का है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
(रिपोर्ट- जुबैर अख्तर)
यह भी पढ़ें-
धारावी में शख्स ने की पत्नी की हत्या, बेटे को वीडियो कॉल पर दिखाई डेड बॉडी, काला जादू की आशंका
शादी से मना करने पर HIV पॉजिटिव युवक ने मंगेतर को दी ऐसी सजा, वह जिंदगी में कभी भूल नहीं पाएगी

