Hapur Fight: बाइक से आए बदमाश टूट पड़े, लाठी-डंडों से मारा! CCTV में कैद हुआ मारपीट का वीडियो

UTTAR PRADESH

Image Source : REPORTERS INPUT
हापुड़ में दो पक्षों में खूब मारपीट हुई है।

Hapur Fight Video: यूपी के हापुड़ जिले में पिलखुवा कोतवाली इलाके में बड़ौदा हिन्दुवान गांव में पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई, इसका एक सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गांव की एक सड़क पर कुछ लोग खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर कुछ युवक वहां पहुंचते हैं। बाइक से उतरते ही इन युवकों ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया।

दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे

ये हमला इतना अचानक और जोरदार था कि सड़क किनारे खड़े लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना के दौरान दोनों ओर से जमकर लाठियां चलीं और लात-घूंसे चले, जिससे वहां चीख-पुकार मच गई। इस मारपीट में दोनों पक्षों के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया।

लंबे समय से चल रहा था पैसे का विवाद

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्होंने सरेराह कानून की धज्जियां उड़ाते हुए दूसरे पक्ष को लहूलुहान कर दिया। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, काफी समय से दोनों पक्षों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर तनातनी चल रही थी, जिसने आज हिंसक रूप ले लिया।

हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस

इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है। पिलखुआ पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है।

कानून को हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस को तहरीर मिलने का इंतजार है।

(इनपुट- निशांक शर्मा)

ये भी पढ़ें- यूपी में LPG सिलेंडरों की कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई, 1483 स्थानों पर छापे; 6 अरेस्ट