CM Yogi Adityanath Singapore-Japan Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने चार दिवसीय सिंगापुर-जापान दौरे से लौट आए हैं. अपने दौरे से मुख्यमंत्री ढाई लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव लेकर लौटे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि अब इन निवेश प्रस्तावों को तय सीमा में शरताल पर उतारा जाएगा.

CM योगी आदित्यनाथ विदेश दौरे से लौटे
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर और जापान के अपने दौरे से लौट आए हैं. मुख्यमंत्री की इस चार दिवसीय यात्रा को उत्तर प्रदेश के लिए ऐतिहासिक सफलता माना जा रहा है, क्योंकि कुल 2.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन प्रस्तावों को तय समयसीमा में धरातल पर उतारा जाएगा.
अगस्त में जापान का डेलीगेशन आएगा यूपी
एक बड़ा ऐलान यह भी हुआ कि यामानाशी प्रांत के गवर्नर अगस्त में 200 जापानी सीईओ के प्रतिनिधिमंडल के साथ उत्तर प्रदेश आएंगे. यह दौरा निवेश को और मजबूती देगा. इसके अलावा, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में 500 एकड़ भूमि पर ‘जापान सिटी’ विकसित की जाएगी. यह विशेष औद्योगिक टाउनशिप जापानी कंपनियों के लिए समर्पित होगी, जहां वे आसानी से अपना विस्तार कर सकें. पर्यटन क्षेत्र में भी दोनों पक्षों ने सहयोग बढ़ाने का फैसला किया है. उत्तर प्रदेश के बौद्ध सर्किट और रामायण सर्किट को जापान के पर्यटन स्थलों से जोड़ा जाएगा, जिससे सांस्कृतिक और पर्यटकीय आदान-प्रदान बढ़ेगा.
निवेश को जमीन पर उतारने की तैयारी
मुख्यमंत्री योगी ने इस यात्रा को प्रदेश की आर्थिक प्रगति के लिए मील का पत्थर बताया. इन निवेशों से लाखों रोजगार सृजन की उम्मीद है, खासकर युवाओं के लिए. सरकार अब इन प्रस्तावों को क्रियान्वित करने पर फोकस कर रही है, ताकि उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेश का प्रमुख केंद्र बने.

