नोएडा में बिजली मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग, जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से कूदे कर्मचारी, 37 घायल

UTTAR PRADESH

Image Source : REPORTER INPUT
नोएडा में फैक्ट्री में आग

नोएडा के सेक्टर-4 स्थित एक बिजली मीटर बनाने वाली कंपनी में गुरुवार (12 मार्च) सुबह करीब 5:30 बजे भीषण आग लग गई। जिस समय आग लगी, उस वक्त फैक्ट्री में नाइट शिफ्ट चल रही थी और करीब ढाई सौ कर्मचारी अंदर मौजूद थे। आग लगते ही कंपनी में लगे सायरन बजने लगे, जिसके बाद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी लोग किसी तरह बाहर निकलने की कोशिश करने लगे।

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के निचले फ्लोर पर आग लगी थी। धुआं तेजी से फैलने लगा, जिससे कई कर्मचारी घबरा गए। खुद को बचाने के लिए कुछ कर्मचारी ऊपर की मंजिलों से नीचे कूदने लगे, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक्सक्लूसिव तस्वीरों में लोगों को कूदते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में लोग जान बचाने के लिए ऊपर से कूदते नजर आ रहे हैं।

खिड़की के शीशे तोड़कर किया रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। आग पर काबू पाने के लिए फायर की करीब 20 गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। जब फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, तब भी कई कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर फंसे हुए थे। इसके बाद दमकल कर्मियों ने कंपनी की खिड़कियों के शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

दो घायल आईसीयू में भर्ती

आग में धुएं और दम घुटने की वजह से कई कर्मचारियों की हालत बिगड़ गई, जबकि कई लोग ऊपर से कूदने के कारण चोटिल हो गए। कुल 37 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें से दो लोगों को आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जबकि एक की हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया है। दर्जनों घायलों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर भी बताया जा रहा है।

8 घंटे बाद भी काबू में नहीं आई आग

आग लगने के करीब 8 घंटे बाद भी फैक्ट्री के अंदर पूरी तरह आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। अंदर अभी भी कुछ जगहों पर हल्की आग सुलग रही है। फायर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल फैक्ट्री के अंदर कोई भी व्यक्ति फंसा हुआ नहीं है।

(नोएडा से राहुल ठाकुर की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

Video: ‘जुमे की नमाज में ईरान के लिए छाती पीटने वालों का बढ़िया इलाज करुंगा’, संभल के सीओ ने चेताया

नई नवेली दुल्हन ने पति को भेजा पकौड़ी लेने, वापस लौटा तो बस स्टैंड से गायब हुई पत्नी; कहां गई वो?