कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी मामले में 12.55 करोड़ की संपत्ति सीज, 8 आरोपियों को किया गया था गिरफ्तार

UTTAR PRADESH

Image Source : REPORTER INPUT
जब्त की गई संपत्ति

कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी मामले में 12.55 करोड़ की संपत्ति सीज की गई है। क्राइम ब्रांच/स्वॉट टीम और नंदग्राम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी से अर्जित करीब 12.55 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति को जब्त किया है। यह कार्रवाई NDPS Act, 1985 के तहत की गई है।

8 आरोपियों को किया गया था गिरफ्तार

गाजियाबाद पुलिस के अनुसार 3 व 4 नवंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान चार ट्रकों में छिपाकर रखी गई 1150 पेटियों में 15,73,500 शीशी कोडीन युक्त कफ सिरप (Eskuf और Phensedyl) बरामद की गई थी, जिसकी कीमत लगभग 30 करोड़ रुपये बताई गई थी। 

कई अहम दस्तावेज हुए बरामद

इसके अलावा एक कार, ट्रक, 20 लाख रुपये नकद, 2 लैपटॉप, 10 आईफोन, 4 मोबाइल सिम और Tapentadol Extended Release Tablets के 19 स्ट्रिप सहित कई दस्तावेज भी बरामद किए गए थे।

ये लोग थे तस्करी में शामिल

जांच में सामने आया कि विभोर राणा और विशाल सिंह अपने साथियों अभिषेक शर्मा और पवन यादव आदि के साथ मिलकर कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी करते थे। आरोपियों ने इस अवैध कारोबार के लिए कई फर्मों का इस्तेमाल किया, जिनमें सहारनपुर में पंजीकृत GR Trading Company समेत दिल्ली-एनसीआर की अन्य फर्में भी शामिल हैं।

करोड़ों की अवैध कमाई की

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपियों ने साल 2020-21 से 2025-26 के बीच करीब 9.08 करोड़ रुपये की अवैध कमाई की, जिससे उन्होंने अपने और परिवार के नाम पर करोड़ों की संपत्ति खरीदी। जांच के दौरान 22,67,34,087 रुपये की चल-अचल संपत्ति का पता चला, जिसमें से 13,58,48,005 रुपये की संपत्ति को अवैध आय से खरीदा गया पाया गया।

सहारनपुर के कई इलाकों में जब्त की गई प्रॉपर्टी

इसी आधार पर पुलिस ने आरोपियों और उनके परिजनों के नाम पर खरीदी गई कुल 12.55 करोड़ रुपये की संपत्ति को सीज कर दिया है। जब्त संपत्तियों में सहारनपुर के शास्त्री नगर, पटनापुर, रामनगर और अन्य क्षेत्रों में स्थित कई प्लॉट, मकान और कृषि भूमि शामिल हैं।

जुबेर अख्तर की रिपोर्ट