आगरा में पिकअप और ट्रक की टक्कर हो गई। पिकअप में 25 लोग सवार थे। इनमे से 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 22 लोग घायल हो गए, जिनमें 4 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

पिकअप सवार सभी लोग नामकरण संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। हादसा किरावली थाना क्षेत्र के दक्षिणी बाईपास पर कराहरा कट के पास बुधवार रात 9:15 बजे हुआ।
पिकअप में सवार लोग खेरागढ़ के भिलावली गांव से किरावली के डाबली गांव में एक नामकरण संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। पिकअप (UP83BT4598) करहरा कट पर सर्विस रोड पर उतरने के लिए धीमी हुई थी, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे पिकअप पलट गई।
हादसे में पिकअप में सवार करीब 25 लोग घायल हो गए, जिनमें से 3 से 4 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इलाज के दौरान 2 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान भिलावली के रहने वाले साहब सिंह (45) और बरगवा, थाना जगनेर के रहने वाले हरिश्चंद्र (60) के रूप में हुई है। मौके पर कानून व्यवस्था संबंधी कोई समस्या नहीं है।

