अगर आप हॉलीवुड फिल्मों के शौकीन हैं, तो यह हफ्ता आपके लिए खास होने वाला है. इस वीक कई नई हॉलीवुड फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही हैं, जो दर्शकों को अलग-अलग तरह की कहानियों का अनुभव देंगी. ‘द ऑप्टिमिस्ट’ से लेकर ‘अंडरटोन’ तक, ये फिल्में अपनी दिलचस्प कहानी और शानदार कलाकारों के कारण दर्शकों के बीच काफी चर्चा में हैं. ऐसे में हॉलीवुड लवर्स के लिए यह हफ्ता एंटरटेनमेंट से भरपूर रहने वाला है. आइए जानते हैं इस हफ्ते थिएटर में रिलीज होने वाली इन फिल्मों के बारे में.
द ऑप्टिमिस्ट
फिल्म ‘द ऑप्टिमिस्ट’ एक सच्ची घटना से प्रेरित वॉर ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन फिन टेलर ने किया है. इस फिल्म में स्टीफन लैंग, एल्सी फिशर और ल्यूक डेविड ब्लम मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. यह फिल्म 11 मार्च 2026 को रिलीज हो रही है. कहानी हर्बर्ट हेलर नाम के इंसान के जीवन पर आधारित है, जो कैलिफ़ोर्निया में एक खिलौनों की दुकान चलाता है.
रिमाइंडर्स ऑफ हिम
‘रिमाइंडर्स ऑफ हिम’ एक रोमांस और ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन वेनेसा कैसविल ने किया है. इस फिल्म में माइका मोनरो, टाइरिक विदर्स, रूडी पैंको, लैनी विल्सन, लॉरेन ग्राहम और ब्रैडली व्हिटफोर्ड जैसे कलाकार नजर आएंगे. यह फिल्म फेमस राइटर कॉलिन हूवर के साल 2022 में आए इसी नाम के नॉवेल पर बेस़्ड है .यह फिल्म 13 मार्च 2026 को रिलीज होगी.
स्लैंटेड
फिल्म ‘स्लैंटेड’ एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन एमी वांग ने किया है. इस फिल्म में शर्ली चेन, फांग डू, मैकेना ग्रेस, मैत्रेयी रामकृष्णन और अमेली जिल्बर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. यह फिल्म एक चीनी-अमेरिकी किशोरी की कहानी पर बेस्ड है, जो अपने स्कूल के बाकी स्टूडेंट की तरह दिखना चाहती है. यह फिल्म 13 मार्च 2026 को रिलीज होगी.
अंडरटोन
‘अंडरटोन’ एक हॉरर फिल्म है, जिसका निर्देशन इयान तुआसन ने किया है. इस फिल्म में नीना किरी, एडम डिमार्को और कीना लिन बास्टिडास मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे. यह फिल्म एवी और जस्टिन नाम के दो लोगों की कहानी बताती है, जो एक पैरानॉर्मल पॉडकास्ट चलाते हैं. यह फिल्म 13 मार्च 2026 को रिलीज होगी.

