VIDEO: मैनपुरी में पत्नी और बच्चों ने मिलकर शख्स को बेरहमी से पीटा, 30 सेकंड तक लगातार मारते रहे लाठी-डंडे

UTTAR PRADESH

Image Source : REPORTERS INPUT
मैनपुरी में पत्नी और बच्चों ने पिता के साथ की मारपीट।

Mainpuri Father Beating: यूपी में मैनपुरी के ओछा क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शख्स को उसकी पत्नी और बच्चे पीटते नजर आ रहे हैं, जिसमें पति चिल्लाता हुआ भी दिख रहा है। वह बचाव की गुहार भी लगा रहा है। लेकिन परिवार के लोगों को जरा भी तरस नहीं आ रहा है। वहीं पड़ोसियों द्वारा मारपीट का वीडियो बना लिया गया जो कि अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पत्नी और बच्चों ने लाठी-डंडे से पीटा

दरअसल ये पूरा मामला थाना ओछा क्षेत्र के ग्राम जगतपुर का बताया जा रहा है, जहां एक व्यक्ति के साथ उसकी पत्नी और बच्चे लाठी-डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं। पति रहम की भीख मांगता दिख रहा है। लेकिन घरवालों को जरा भी तरस नहीं आ रहा है। बीवी-बच्चे लगातार व्यक्ति को लाठी-डंडे से पीटते दिखाई पड़ रहे हैं। बाद में कोई बुजुर्ग आकर बचाता है तो मारने वाले रुक जाते हैं।

पड़ोसी ने वीडियो बनाकर किया वायरल

वहीं, इस पूरी घटना का वीडियो पड़ोसी ने बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले में पीड़ित का मेडिकल कराकर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बच्चों ने पिता पर लगाया गाली-गलौज का आरोप

इस मामले पर थाना अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह ने बताया कि बच्चों ने जानकारी दी है कि उसके पिता शराब पीने के बाद घर में लगातार गाली-गलौज कर रहे थे, जिससे परेशान होकर उसके नाबालिग बच्चों और पत्नी ने व्यक्ति के साथ मारपीट की है। मामले में व्यक्ति का मेडिकल करा कर मुकदमे दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पड़ताल में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

(इनपुट- सलमान मंसूरी)

ये भी पढ़ें- कुत्ते के पेशाब करने पर हुई मारपीट, व्यायाम कर रहे वरिष्ठ नागरिकों ने शख्स को पीटा; सामने आया VIDEO