नैनीताल। बुधवार को नैनीताल क्लब में न्याय पंचायत खुर्पाताल के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के एक शिष्टमंडल ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री (ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग) भरत चौधरी से भेंट की। इस दौरान क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं, विशेषकर लंबित सड़क परियोजनाओं और स्थानीय स्वरोजगार के अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई।
सड़क निर्माण की बाधाएं जल्द होंगी दूर
बैठक में शिष्टमंडल ने गहलना-मंगोली, मंगोली-भेवा और अधौड़ा-गैरखेत मोटर मार्गों के लंबित होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। जनप्रतिनिधियों ने मंत्री को बताया कि सड़क संपर्क न होने के कारण विशेष रूप से गहलना जैसे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र के निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने इस पर संज्ञान लेते हुए आश्वस्त किया कि सड़क निर्माण में आ रही तकनीकी व प्रशासनिक अड़चनों को जल्द दूर कर कार्य तुरंत शुरू कराया जाएगा।

खुर्पाताल में खुलेगा कौशल विकास केंद्र
क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शिष्टमंडल ने न्याय पंचायत खुर्पाताल में एक ‘कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र’ स्थापित करने की मांग की। मंत्री चौधरी ने इस प्रस्ताव की सराहना करते हुए कहा कि सरकार युवाओं और महिलाओं के स्वरोजगार के प्रति बेहद गंभीर है और इस दिशा में जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति

इस उच्च स्तरीय बैठक में नैनीताल विधानसभा विधायक श्रीमती सरिता आर्या, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री (पेयजल) दिनेश आर्य और दर्जा राज्य मंत्री (वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद्) श्रीमती शांति मेहरा मुख्य रूप से मौजूद रहीं।
इनके अलावा भाजपा जिला उपाध्यक्ष दया किशन पोखरिया, आरएसएस खुर्पाताल मंडल कार्यवाह गौरव गोस्वामी, किसान मोर्चा मंडल महामंत्री योगेश सिंह बिष्ट, अधौड़ा की प्रधान प्रेमा मेहरा, सामाजिक कार्यकर्ता जीवन नेगी, खमारी के प्रधान व मंडल उपाध्यक्ष हेम बहुखंडी, महिला मोर्चा की राधा देवी, गहलना की प्रधान कीर्ति आर्या, जलालगांव के प्रधान खुशाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य मुकेश महरा सहित विक्रम कनवाल, दीपेश जोशी और नितिन कार्की आदि उपस्थित रहे।

मंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए प्रयासरत सभी जनप्रतिनिधियों की सराहना की और भरोसा दिलाया कि सरकार विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग करेगी।

