आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र के शमसाबाद के गांव बीचकापुरा सिकतरा निवासी राजश्री ने अपनी दो बेटियों की शादी के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। गुरुवार को उन्होंने एसडीएम स्वाति शर्मा से मुलाकात कर अपनी समस्या से अवगत कराया। राजश्री की बेटियों सरिता और सपना का विवाह 21 अप्रैल को होना है, जिसके चलते उन्हें खाना बनाने के लिए कम से कम छह गैस सिलेंडरों की आवश्यकता है।
राजश्री ने बताया कि वर्तमान में गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत है और उन्हें कहीं भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने इस समस्या का कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव को बताया। उनका कहना है कि पहले आसानी से सिलेंडर उपलब्ध हो जाते थे, लेकिन अब यह काफी मुश्किल हो गया है।
राजश्री ने अपनी आर्थिक स्थिति का भी जिक्र करते हुए बताया कि उनके पति रोज साइकिल से आगरा जाकर मजदूरी करते हैं, जिससे परिवार का भरण-पोषण होता है। परिवार में पांच बेटियां और एक बेटा है, ऐसे में दो बेटियों की शादी का खर्च उठाना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम स्वाति शर्मा ने पूर्ति विभाग को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवार को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि शादी में कोई व्यवधान न हो।

