लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस के रूट में फिर बदलाव, अब इस स्टेशन तक होगा संचालन; 13 मई तक लागू रहेगी व्यवस्था

AGRA NEWS Latest News UTTAR PRADESH

आगरा फोर्ट–लखनऊ जं. इंटरसिटी एक्सप्रेस फिर से अपने पुराने रूट पर चलेगी। लेकिन ये गाड़ी अब लखनऊ तक नहीं जाएगी। इसको लेकर रेलवे की ओर से जानकारी दी गई है। ये व्यवस्था 13 मई तक लागू रहेगी।

आगरा फोर्ट–लखनऊ जं. इंटरसिटी एक्सप्रेस के रूट में फिर बदलाव किया गया है। 2 अप्रैल से ट्रेन को मेगा ट्रैफिक ब्लॉक के चलते डायवर्ट कर आगरा फोर्ट–मथुरा जं.–कासगंज–शाहजहांपुर–लखनऊ जं. मार्ग से संचालित किया जा रहा है, लेकिन इस रूट से ट्रेन अपने निर्धारित समय से घंटों की देरी से चल रही है। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। अब रेलवे ने ट्रेन को फिर आगरा फोर्ट से टूंडला-इटावा-कानपुर के रास्ते चलाने का निर्णय लिया है। हालांकि, ट्रेन कानपुर सेंट्रल तक ही चलेगी और वहीं से वापस आ जाएगी। कानपुर से लखनऊ के बीच ट्रेन निरस्त रहेगी। यह व्यवस्था 8 अप्रैल से 13 मई तक प्रभावी रहेगी।

रेलवे की जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रेन संख्या 12180 (आगरा फोर्ट–लखनऊ जं. इंटरसिटी) 2 अप्रैल से आगरा फोर्ट–मथुरा जं.–कासगंज–शाहजहांपुर–लखनऊ जं. मार्ग से संचालित की जा रही है, लेकिन इससे ट्रेन का संचालन समय से नहीं हो पा रहा है। ऐसे में ट्रेन इस रूट से सिर्फ 7 अप्रैल तक चलेगी। 8 अप्रैल से ट्रेन अपने पुराने रूट से चलेगी, लेकिन कानपुर सेंट्रल तक ही संचालित होगी।
इसी प्रकार ट्रेन संख्या 12179 (लखनऊ जं.–आगरा फोर्ट इंटरसिटी) 8 अप्रैल से 13 मई तक लखनऊ के बजाय कानपुर सेंट्रल से आगरा फोर्ट तक चलेगी। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले समय, ठहराव और अन्य जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट या एनटीईएस एप से जानकारी कर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *