LPG Price Hike : ईरान युद्ध के कारण भारत में एलपीजी की सप्लाई कम हो रही है. सरकार ने अब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के रेट में इजाफा कर दिया है. इसका इस्तेमाल रेस्टोरेंट्स और ढाबों जैसे व्यावसायिक संस्थानों में होता है.
LPG Price Today 1 April: सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के रेट में भारी बढ़ोतरी कर दी है. नई कीमत आज से लागू हो गई है. 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के रेट 218 रुपये तक बढ़ाए गए हैं. अब दिल्ली में सिलेंडर 194, चेन्नई में 203, मुंबई में 196 और कोलकाता में 218 रुपये महंगा मिलेगा. घरेलू एलपीजी सिलेंडर के रेट में कोई फेरबदल नहीं किया गया है.
इस बढोतरी के बाद दिल्ली में अब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 2078.50 रुपये का हो गया है. पहले यह ₹1,884.50 में मिल रहा था. कोलकाता में 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर का भाव 2208 रुपये, मुंबई में 2031 रुपये और चेन्नई में 2246.50 रुपये हो गया है.पटना में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का रेट आज से 2365 रुपये तो जयपुर में 2031 रुपये हो गया है.
7 मार्च को भी बढ़े थे रेट
घरेलू एलपीजी और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में सात मार्च को क्रमश: 60 रुपए और 114.5 की भारी बढ़ोतरी की गई थी. बिना सब्सिडी वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर 60 रुपए महंगा हो गया था. इसके बाद दिल्ली में 14.2 kg सिलेंडर की कीमत 913 रुपए हो गई, जबकि पहले यह 853 रुपए थी. एक साल से भी कम समय में कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है. बिना सब्सिडी वाला एलपीजी सिलेंडर उज्ज्वला के लाभार्थियों के अलावा आम घरेलू यूजर अपने किचन में इस्तेमाल करते हैं. पिछली बार अप्रैल, 2025 में कीमतों में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी.
आम जनता और कारोबार पर असर
एलपीजी के दाम बढ़ने का प्रभाव आम आदमी की जेब पर पड़ेगा. कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने से होटल और रेस्टोरेंट संचालक कीमतों में बढ़ोतरी कर सकते हैं. इससे बाहर से खाना मंगाना महंगा हो जाएगा.

