स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ केस करने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर हमला, धारदार हथियार से नाक काटने की कोशिश; ट्रेन के टॉयलेट में छिपकर बचाई जान

UTTAR PRADESH

Image Source : REPORTER INPUT
आशुतोष ब्रह्मचारी पर ट्रेन में हुआ हमला।

प्रयागराज: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ कोर्ट में यौन उत्पीड़न का केस दाखिल करने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमला हुआ है। जानकारी के मुताबिक रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से वह प्रयागराज आ रहे थे। इसी दौरान ट्रेन के अंदर ही उनके ऊपर धारदार हथियार से हमला किया गया। फतेहपुर और कौशांबी जिले के बीच सिराथू रेलवे स्टेशन के पास उनपर हमला किए जाने की सूचना मिली है। हालांकि आशुतोष महाराज ने ट्रेन के टॉयलेट में खुद को बंद करके अपनी जान बचाई। इस हमले में आशुतोष महाराज को कई जगह चोटें भी आई हैं। वह लहूलुहान हालत में ही प्रयागराज पहुंचे। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है।

अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाए आरोप

वहीं पत्रकारों से बात करते हुए आशुतोष महाराज ने सीधे तौर पर इस हमले का आरोप स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाया है। उन्होंने कहा कि हमलावर उनकी नाक काटना चाहता था। उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर हमले की साजिश रचने का शक जताया है। इसके अलावा उन्होंने प्रयागराज जंक्शन पर जीआरपी थाने में एफआईआर भी दर्ज करा दी है। आशुतोष महाराज का प्रयागराज के कॉल्विन अस्पताल में मेडिकल कराया गया। जानकारी के मुताबिक वह गाजियाबाद से रीवा एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर प्रयागराज आ रहे थे, इसी बीच ट्रेन के अंदर ही उनपर हमला किया गया। 

आरोपी ने किया केस दर्ज करवाने का जिक्र

दरअसल, मथुरा श्री कृष्ण जन्मभूमि विवाद से जुड़े केस की सुनवाई इलाहाबाद हाईकोर्ट में 12 मार्च को होनी है। इसके अलावा स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन शोषण आरोप के मामले में भी हाईकोर्ट में जवाब दाखिल करना है। दोनों मामलों की पैरवी के लिए आशुतोष महाराज प्रयागराज आ रहे थे। इसी दौरान उनपर हमला किया गया। आशुतोष महाराज रीवा एक्सप्रेस के H1 कोच में सफर कर रहे थे। उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर आरोप लगाता हुए कहा कि हाल ही उनके लोगों ने मेरी नाक काटने के लिए 21 लाख रुपये का इनाम रखा था और करते भी दिखा दिया। उन्होंने कहा कि आरोपी ने हमले के दौरान कहा कि तुमने हमारे गुरु के खिलाफ केस लिखवाया तुम्हे मार देंगे। 

सुरक्षा की मांग

आशुतोष महाराज पर हमले के आरोपी की पहचान के लिए GRP की कई टीमें लगी हैं। सिराथू रेलवे स्टेशन के पास से भी टीमें इसके बारे में जानकारी जुटा रही हैं। GRP ने आशुतोष महाराज से हमला करने वाले शख्स की पहचान के बारे में कई जानकारियां ली हैं। पुलिस को आशंका है कि हमला करने वाला नशे में भी हो सकता है। आशुतोष महाराज नें इस हमले के बाद सुरक्षा की भी मांग की है। उनका कहना है कि जिस तरह से उनकी नाक काटने पर इनाम रखा गया है उनको आगे भी खतरा हैं।

यह भी पढ़ें-

अचार के कुएं में गिरने से फैक्टरी मालिक और बेटे की हुई मौत, मजदूर को बचाने के चक्कर में गई जान