नैनीताल आज दिनांक 20 जून 2026 को नैनीताल क्लब में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में समाज कल्याण मंत्री श्री खजान दास के समक्ष न्याय पंचायत खुर्पाताल की प्रमुख समस्याओं और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ उठाया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग बैठक का मुख्य केंद्र खुर्पाताल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की लचर व्यवस्थाएं रहीं। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को ‘सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र’ (CHC) में उच्चीकृत करने की पुरजोर मांग रखी, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर आकस्मिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

युवाओं के लिए खेल सुविधाओं पर जोर
क्षेत्र के युवाओं को खेल के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने और उन्हें उचित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से न्याय पंचायत खुर्पाताल में ‘मिनी स्टेडियम’ के निर्माण व अन्य खेल सुविधाएं विकसित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
जनप्रतिनिधियों का मिला समर्थन
इस दौरान नैनीताल विधानसभा की विधायक श्रीमती सरिता आर्या, पेयजल राज्य मंत्री श्री दिनेश आर्य और आवास विकास राज्य मंत्री सुश्री भावना महरा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की मांगों को जायज बताते हुए इनके त्वरित समाधान पर सहमति जताई।

मंत्री का सकारात्मक आश्वासन
माननीय मंत्री श्री खजान दास ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने न्याय पंचायत खुर्पाताल में चलाए गए ‘शराब विरोधी सफल आंदोलन’ की सराहना करते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी।इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री दया किशन पोखरिया, किसान मोर्चा महामंत्री श्री योगेश सिंह बिष्ट, मंडल अध्यक्ष श्री नितिन कार्की,मंडल मंत्री श्री विजय सिंह बिष्ट, बूथ अध्यक्ष श्री विक्रम सिंह कनवाल, आरएसएस मंडल कार्यवाह श्री गौरव गोस्वामी, श्रीमती संगीता टम्टा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

