आगामी त्योहारी सीजन के दौरान शहर में अमन-चैन और सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए आगरा पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। आगरा कमिश्नरेट क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कदम सुरक्षा और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
सार्वजनिक सभाओं और रैलियों पर लगा प्रतिबंध
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, धारा 163 लागू रहने के दौरान बिना पूर्व अनुमति के किसी भी प्रकार की सार्वजनिक सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन या रैलियों के आयोजन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। घनी आबादी और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की साइबर सेल कड़ी निगरानी रख रही है ताकि कोई भी असामाजिक तत्व माहौल खराब न कर सके।
30 नवंबर तक लागू रहेंगे सुरक्षा नियम
यह विशेष प्रतिबंध पूरे नवंबर महीने यानी 30 नवंबर तक प्रभावी रहेगा। त्योहारों के मौके पर बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अवांछित गतिविधि को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें।


